लखनऊ के विभूतिखण्ड क्षेत्र से पांच अपहरणकर्ता गिरफ्तार,अपहृत मुक्त
लखनऊ, 23 सितम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश की लखनऊ पुलिस ने विभूतिखण्ड क्षेत्र से पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अपहृत व्यक्ति को मुक्त करा लिया।
पूर्वी जोन पुलिस उपायुक्त श्रीमती चारु निगम ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाराबंकी के टिकैतनगर कोतवाली इलाके के बधौली निवासी मनोज कुमार द्विवेशी ने विभूतिखण्ड थाने में मंगलवार को अपने छोटे भाई दिनेश कुमार द्विवेदी का कार सवार लोगों द्वारा अपहरण कर सात लाख रुपये की मांग करने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंनेे बताया कि बदमाशों ने हैनीमैन चौराहे पर पैसा लेकर आने को कहा था। उन्होंने बताया कि इस घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई और हैनीमैन चौराहे पर सतर्क नजर रखी गई।
उन्होंने बताया कि विभूतिखंड थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला और संविलांस प्रभारी अशोक कुमार ने पुलिस बल के साथ मंगलवार रात करीब 11 बजे कार सवार पांच अपहरणकर्ताओं देवेन्द्र सिंह, विष्णु कुमार,सुर्यभान सिंह, घनश्याम कुमार, अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो वाहन, एक तमंचा ,कुछ कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार
आरोपियों को आज जेल भेज दिया गया है।
त्यागी
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें