लवली और चेतन आनंद राजद में शामिल

पटना 28 सितंबर (वार्ता) बिहार में नब्बे के दशक में बिहार पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष के रूप में प्रदेश की राजनीति में मजबूत दखल रखने वाले आनंद मोहन की पत्नी एवं पूर्व सांसद लवली आनंद और उनके पुत्र चेतन आनंद आज राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गए।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने सोमवार को यहां श्रीमती आनंद एवं चेतन आनंद को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर श्री सिंह ने कहा कि पार्टी को पूर्व सांसद लवली आनंद और चेतन आनंद से काफी उम्मीदे हैं। दोनों नेता राजद को मजबूत करने का भरपूर प्रयास करेंगे।

श्रीमती आनंद ने राजद की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह और उनके पुत्र पार्टी को अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेवारी सौंपेगी वह ईमानदारी से उसका निर्वहन करेंगी।

वहीं, श्री चेतन आनंद ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश पर पिछले वर्ष पटना में महाराणा प्रताप की जयंती पर हुई रैली में किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होने कहा कि श्री कुमार ने कई मांगों की अनदेखी की है।

इससे पूर्व श्रीमती आनंद अपने पुत्र चेतन आनंद के साथ राजद और प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव से मिलने पहुंची, जहां राजद विधानमंडल दल की नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की उपस्थिति में कई राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की। अपने लिए राजनीतिक विकल्प तलाश रही श्रीमती आनंद ने कुछ महीने पहले जदयू के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की थी। इसके बाद राजनीतिक गलियारे में उनके जदयू में शामिल होने के कायास लगाए जाने लगे थे।

सूरज शिवा

वार्ता


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास