सड़क हादसे में ट्रक चालक की मृत्यु
कुशीनगर, 18 सितम्बर(वार्ता) उत्तर प्रदेश में कुशीनगर के तुर्कपट्टी क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक ने आगे जा रहे ट्रक को टक्कर मार दी जिससे चालक की मृत्यु हो गयी। इस हादसे के बाद एक लेन कई घंटों तक बंद रहा।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि एक ट्रक बिहार से गोरखपुर के तरफ जा रहा था। ट्रक गुरूवार रात तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गड़हिया के सामने पहुंचा था कि चालक ने अचानक ब्रेक मार दिया। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे दूसरे ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक के आगे का हिस्से का परखचे उड़ गये और चालक केबिन में दब गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि इस हादसे के बाद एक लेन पर गाड़ियों का लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी प्रयास के बाद ट्रक की बॉडी को काटकर चालक के शव को ट्रक से बाहर निकला। मृत चालक की पहचान ओमप्रकाश (40), निवासी धनौरा खुर्द ,थाना बांसगांव, गोरखपुर के रूप में हुई।
सूत्रों ने बताया कि इसके बाद उस लेन की गाड़ियों को दूसरे लेन से निकलवाकर एक लेन को बंद करा दिया। शुक्रवार को सुबह पुलिस ने दोनों ट्रकों को एनएच से हटाकर आवागमन चालू कराया।
इस संबंध में चौकी प्रभारी मधुरिया अशोक दुबे ने बताया कि मृतक के परिवारीजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज गया है।
सं भंडारी
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें