सहारनपुर में संक्रमित महिला की मृत्यु के बाद जेवर चुराये जाने से हड़कंप
सहारनपुर, 18 सितंबर(वार्ता) उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के एकमात्र राजकीय मेडिकल कालेज में कोरोना संक्रमित महिला की मृत्यु के बाद उसके जेवर चुरा लिये जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि शामली के सरसावा क्षेत्र निवासी संजय गर्ग की पत्नी कोरोना वायरस से संक्रमित थी। उसे उपचार के लिये राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था जहां उपचार के दौरान 16 सितम्बर को उसकी मृत्यु हो गयी थी। उसकी मृत्यु के बाद महिला के पार्थिव शरीर से किसी ने सोने के आभूषण उतार लिए।
मृतक महिला के पति संजय गर्ग ने सरसावा थाने में इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। थाना सरसावा के वरिष्ठ पुलिस उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार ने आज बताया कि पुलिस ने इस मामले की तहरीर लिखकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने राजकीय मेडिकल कालेज जाकर प्राचार्य डाॅ. दिनेश सिंह मारतोलिया को भी अवगत कराया है। उन्हें कहा गया है कि राजकीय मेडिकल कालेज के वार्डों में जहां रोगी उपचाराधीन हैं बदमाशों की गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सं भंडारी
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें