सपा का तहसील स्तर पर राज्यव्यापी प्रदर्शन

लखनऊ 21 सितम्बर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जनविरोधी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन संबधित जिला प्रशासन को सौंपा।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि श्री अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को सभी जिलो में तहसील स्तर पर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। तहसील मुख्यालय जाते हुए समाजवादी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कई स्थानों पर रोकने की कोशिश की, उनसे झड़पें हुई।
उन्होने आरोप लगाया कि पुलिस ने कन्नौज, फरेंदा (महाराजगंज) तथा बांदा में प्रदर्शन कर रहे शांतिपूर्ण समाजवादी कार्यकर्ताओं पर अकारण लाठीचार्ज किया। लखनऊ में वंदना चतुर्वेदी, अशोक गुप्ता सहित दर्जन भर कार्यकर्ताओं तथा बांदा में विजय करन यादव जिलाध्यक्ष तथा नगर अध्यक्ष मोहन साहू समेत लगभग चार दर्जन कार्यकर्ताओं, नेताओं की गिरफ्तारी की गई है।
ज्ञापन में कोरोना संकट काल में आवश्यक उपकरणों की खरीद में घोटाला, स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितता, भ्रष्टाचार, सरकारी उत्पीड़न में वृद्धि, बेहाल किसान, बेरोजगारी और ध्वस्त कानून व्यवस्था के मुद्दे उठाते हुए राज्यपाल से संवैधानिक कार्यवाही करने का आग्रह किया गया है।
प्रदीप
वार्ता


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास