माघ मेला मेें कल्पवासियों को मिले स्वच्छ जल
लखनऊ 26 अक्टूबर,(वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रयागराज में आयोजित होने वाले माघ मेले के दौरान कल्पवासियों को गंगा का अविरल और निर्मल जल उपलब्ध हो।
श्री योगी ने माघ मेले की सभी तैयारियों को समय से करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कल्पवासियों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने माघ मेले की तैयारियों के सम्बन्ध में एक कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।
अपने सरकारी आवास पर प्रयागराज में आयोजित होने वाले माघ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुये उन्होने कहा कि माघ मेले में आने वाले कल्पवासियों के लिए स्वच्छता, सैनेटाइजेशन एवं सुरक्षा का पूर्ण प्रबन्ध सुनिश्चित किया जाए। कल्पवासियों को गंगा जी का अविरल और निर्मल जल उपलब्ध हो। इस सम्बन्ध में जलशक्ति विभाग से समन्वय के साथ व्यवस्था की जाए।
इस अवसर पर नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई एवं सूचना नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा रजनीश दुबे, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद, अपर मुख्य सचिव महिला कल्याण एवं बाल विकास व पुष्टाहार एस राधा चौहान समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
प्रदीप
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें