अर्थी बाबा अब देवरिया सदर सीट से ठोकेंगे ताल
देवरिया, 09 अक्टूबर(वार्ता) देश के शीर्ष राजनीतिज्ञों के खिलाफ चुनाव लड़कर गोरखपुर जिला निवासी राजन यादव उर्फ अर्थी बाबा अब उत्तर प्रदेश के देवरिया सदर सीट पर होने वाले विधानसभा के उपचुनाव में अपना ताल ठोकेंगे। इसके लिये शुक्रवार को अर्थी बाबा ने बकायदा अर्थी पर बैठ चार कन्धों का सहारा लेकर नामांकन पर्चा लेने के लिये कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे।
राजन यादव उर्फ अर्थी बाबा ने यहां “यूनीवार्ता” से कहा “ मैं देवरिया विधानसभा के विकास के लिये यहां से मैदान में ताल ठोक रहा हूं।” समाज सेवा को अपना व्यवसाय मानने का दावा करते हुए कहा कि वे देवरिया विधानसभा में विकास की गंगा बहाने के चुनाव मैदान में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वह सारी मूलभूत सुविधाओं के साथ साथ विकास की गंगा बहाने का कार्य करेंगे।
अर्थी बाबा ने कहा कि वह चार बार विधानसभा, तीन बार एमएलसी और तीन बार लोकसभा में चुनाव में मोदी, योगी और राजनाथ सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन सबसे ज्यादा वह चर्चा में तब आये जब वह राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिये दावेदारी कर रहे थे। अर्थी बाबा ने कहा कि वह राष्ट्रपति का चुनाव लड़ रहे थे,लेकिन प्रस्तावक के अभाव में पर्चा निरस्त हो गया।
राजन यादव से जब पूछा गया कि आप इतने चुनाव लड़े हैं और आप कितने प्रतिशत मत पाते थे, तो उनका कहना था कि चुनाव में वह एक हजार के करीब ही अभी तक मत पाते आये हैं। लेकिन वह विकास की राजनीति के लिये चुनाव लड़ रहे हैं। इस अजीबो गरीब नेता ने अपनी पहचान अर्थी को यहां भी बनाये रखा।
सं भंडारी
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें