भरी पंचायत युवक की हत्या,सीओ एसडीएम निलंबित
बलिया 15 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र में कोटे की दुकान के आवंटन को लेकर हुये विवाद में पुलिस क्षेत्राधिकारी और उप जिलाधिकारी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय दबंग नेता ने एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दुर्जनपुर गांव में सरकारी कोटे की दुकान को लेकर भाजपा नेता धीरेन्द्र सिंह और जयप्रकाश पाल के बीच अरसे से विवाद चल रहा था जिसे सुलझाने के लिये एक बैठक बुलायी गयी थी। बैठक में सीओ और एसडीएम भी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुकान को लेकर दोनो पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गयी।
इस दौरान धीरेन्द्र ने अपनी लाइसेंसी बंदूक को जयप्रकाश के सीने से सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से घायल जयप्रकाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोली लगने के साथ भगदड़ मच गयी और आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। उधर एसडीएम और सीओ समेत अन्य अधिकारी भी मौके से खिसक लिये।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले पर गंभीर रूख अपनाते हुये एसडीएम और सीओ के अलावा वहां मौजूद अफसरों और पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिये है। हत्यारे की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिये गये हैं। मौके पर मौजूद सभी सरकारी अफसरों और कर्मियो की भूमिका की जांच के आदेश दिये गये है जिसके बाद सभी के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जायेगी।
प्रदीप
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें