धान खरीद में अनियमितता बरतने पर खाद्य नियंत्रक निलंबित
लखनऊ 23 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में धान खरीद में शिथिल पर्यवेक्षण व अनियमितता पाये जाने पर बरेली सम्भाग के सम्भागीय खाद्य नियंत्रक को निलंबित किया गया है जबकि विभिन्न जिलों के 14 कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
खाद्य आयुक्त मनीष चौहान ने शुक्रवार को बताया कि बरेली संभाग के संभागीय खाद्य नियंत्रक पीके श्रीवास्तव (पीसीएस) को निलम्बित कर दिया गया है। धान खरीद में लापरवाही एवं अनियमितता पाये जाने पर पीलीभीत में तीन केन्द्र प्रभारी, बरेली के एक, शाहजहांपुर के दो, कानपुर नगर के एक तथा हरदोई व लखीमपुर खीरी के एक-एक केन्द्र प्रभारी, रामपुर में तीन केन्द्र प्रभारी के विरूद्ध एफआईआर तथा एक बिचैलिया और एक के विरूद्ध कुल 14 एफआईआर अंकित करायी गयी।
खाद्य आयुक्त ने बताया कि औरैया में धान खरीद में लापरवाही पाये जाने व केन्द्र बन्द होने के कारण पीसीयू के 02 व नैफेड के 01 केन्द्र प्रभारियों को जिलाधिकारी द्वारा निलम्बित किया गया है। इसके अलावा हरदोई में आवश्यक वस्तु निगम के जिला प्रबन्धक मनोज कुमार श्रीवास्तव को धान खरीद में रूचि न लेने, किसानों के मूल्य का भुगतान न करने व अन्य अनियमितता पाये जाने पर प्रबन्ध निदेशक, एसएफसी द्वारा निलम्बित किया गया।
श्री चौहान ने बताया कि शाहजहांपुर में यूपीएसएस मण्डी सीहड़ के केन्द्र प्रभारी को धान खरीद में लापरवाही बरतने के लिये निलम्बित किया गया। पीलीभीत में जिलाधिकारी द्वारा धान खरीद न करने के कारण धारा-151 के अन्तर्गत 03 केन्द्र प्रभारियों को जेल में बन्द कर दिया गया। लखीमपुर में मण्डी समिति में खोले गये केन्द्र पर धान खरीद में लापरवाही पाये जाने पर मण्डी समिति के सचिव रामबाबू शर्मा को जनपद लखीमपुर खरीद में तीन केन्द्र प्रभारियों के विरूद्ध धान खरीद में लापरवाही व अनियमितता पाये जाने पर निलम्बित कर दिया गया है। बरेली सम्भाग के पीसीयू, पीसीएफ के 05 केन्द्र प्रभारियों को निलम्बित किया गया है।
खाद्य आयुक्त ने बताया कि अब तक कुल 14 एफआईआर,12 केन्द्र प्रभारियों व एक जिला प्रबन्धक, एसएफसी व 01 मण्डी सचिव सहित कुल 14 निलम्बन की कार्यवाही तथा 08 केन्द्र प्रभारियों के विरूद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि, 31 केन्द्र प्रभारियों को चेतावनी व 188 कर्मचारियों के विरूद्ध कारण बताओ नोटिस निर्गत किया गया। इस प्रकार कुल 253 कार्यवाहियाँ की गयी हैं।
खाद्य आयुक्त धान खरीद वर्ष 2020-21 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत प्रदेश में अब तक 2114720.70 कुं0 धान 29,667 कृषकों से क्रय किया गया है। धान खरीद के लिये अब तक 515056 किसानों द्वारा खाद्य विभाग के पोर्टल पर आनलाइन पंजीकरण कराया गया है। किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ प्राप्त हो तथा क्रय केन्द्रों पर किसानों को अपना धान बिक्री करने में कोई कठिनाई न हो तथा किसानों को समय से भुगतान किये जाने के सम्बन्ध में तथा पारदर्शी धान खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश निर्गत किये गये हैं।
प्रदीप
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें