धोनी का विकल्प बनने की दौड़ में पंत सबसे आगे :लारा
नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर ब्रायन लारा ने कहा कि टीम इंडिया में महेंद्र धोनी का स्थान लेने के लिए ऋषभ पंत सबसे सही विकल्प हैं वहीं लोकेश राहुल को विकेटकीपिंग की बजाय अपनी बल्लेबाजी पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
ब्रायन लारा ने स्टार स्पोर्ट्स के शो ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ में कहा, “सबसे पहले मैं यह कहना चाहूंगा कि लोकेश राहुल को अपनी विकेटकीपिंग को लेकर ज्यादा परेशान नहीं होना चाहिए। उन्हें अपना ध्यान बल्लेबाजी पर केंद्रित करना चाहिए।”
लोकेश राहुल वर्तमान में किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान हैं और मौजूदा सत्र में पांच मैचों में 302 रन बना चुके हैं जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल है।
लारा ने कहा कि ऋषभ पंत ने पिछले एक वर्ष में काफी सुधार किया है और टीम इंडिया में बतौर विकेटकीपर वह महेंद्र सिंह धोनी की जगह लेने के लिए सबसे उपयुक्त हैं।
पंत ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए इस सीजन में अबतक पांच मैचों में 171 रन बनाए हैं।
131 टेस्ट में 11 हजार 953 रन बनाने वाले लारा ने कहा, “पंत आईपीएल में दिल्ली की तरफ से अच्छा खेल रहे हैं। एक वर्ष पहले तक मैं उनके नाम की मुहर नहीं लगाता लेकिन अब वह जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करने लगे हैं। वे सीख गए हैं कि पारी कैसे बनाई जाती है। अगर कोई धोनी की जगह ले सकता है तो उस दौड़ में पंत सबसे आगे हैं।”
राजस्थान रॉयल्स की ओर से आईपीएल खेल रहे संजू सैमसन के बारे में लारा ने कहा कि उनको अच्छे विकेट पर बल्लेबाजी करने के कुछ और गुर सीखने होंगे।
उन्होंने कहा, “ मुझे यह देखकर आश्चर्य हो रहा है कि आईपीएल में वे अपनी टीम के लिए विकेटकीपिंग नहीं कर रहे जबकि उनका मुख्य काम विकेटकीपिंग है।”
शुभम
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें