दिनेश कुमार खारा बने स्टेट बैंक के अध्यक्ष
नयी दिल्ली 07 अक्टूबर (वार्ता) श्री दिनेश कुमार खारा ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के आज नए अध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया।श्री खारा की नियुक्ति 7 अक्टूबर से प्रभावी हो गयी है और उनका कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। अध्यक्ष के तौर पर अपनी नई भूमिका से पहले श्री खारा बैंक के प्रबंध निदेशक ग्लोबल बैंकिंग एंड सब्सिडियरीज के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने श्री रजनीश कुमार का स्थान लिया है जिन्होंने 6 अक्टूबर, 2020 को अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा किया।
श्री खारा को बैंकिंग के सभी पहलुओं जैसे रिटेल, कॉर्पोरेट क्रेडिट और इंटरनेशनल बैंकिंग में साढ़े तीन दशक से अधिक का समृद्ध और विविध अनुभव है। प्रबंध निदेशक के रूप में श्री खारा ने पांच सहयोगी बैंकों और भारतीय महिला बैंक के एसबीआई में विलय को सफलतापूर्वक पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके बाद भारतीय स्टेट बैंक वैश्विक स्तर पर शीर्ष 50 बैंकों की लीग में शामिल होने में सफल हुआ।श्री खारा 1984 में प्रोबेशनरी ऑफिसर के रूप में बैंक में शामिल हुए, इसके बाद उन्होंने एसबीआई में कई प्रमुख पदों पर कार्य किया।
शेखर
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें