गोरखपुर मंडल के संभागीय खाद्य नियंत्रक निलंबित
लखनऊ 23 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश सरकार ने गोरखपुर मंडल में संभागीय खाद्य नियंत्रक राममूर्ति पांडे को लापरवाही बरतने के आरोप में निलम्बित कर दिया है।
श्री पांडे को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत खाद्यान्न उठान के लिये परिवहन एवं हैंडलिंग कार्य के लिये ठेकेदारों की नियुक्ति के संबंध में प्राप्त शिकायतों का संज्ञान न लेने, पूर्ण पारदर्शिता, स्पष्टता एवं गुणवत्ता नहीं बरतने के कारण उनको निलंबित करते हुए अनुशासनिक कार्यवाही किए जाने का निर्णय लिया है।
खाद्य एवं रसद विभाग की प्रमुख सचिव वीना कुमारी ने शुक्रवार को बताया कि श्री पांडे के विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्यवाही संस्थित करते हुए मामले की जांच के लिये अनिल कुमार, अपर आयुक्त (स्था) को जांच अधिकारी नामित किया गया है। निलंबन की अवधि में श्री पांडे खाद्य आयुक्त उत्तर प्रदेश मुख्यालय, जवाहर भवन, लखनऊ के कार्यालय से संबंध रहेंगे।
प्रदीप
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें