जाइडस ने मधुमेह ग्रसित मरीजों के लिए भारतीय बाजार में उतारी ‘डैपग्लिन’
नयी दिल्ली ,05 अक्टूबर (वार्ता) दवा कंपनी जाइडस हेल्थकेयर लिमिटेड ने टाइप 2 मधुमेह से ग्रसित मरीजों के लिए किफायती दाम में भारतीय बाजार में डैपग्लीफ्लॉजिन टैबलेट ‘डैपग्लिन’ उतारी है।
कंपनी ने आज जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी कि वह बाजार में बिकने वाली मधुमेह की इस दवा का पेटेंट खत्म होने पर उसे भारतीय बाजार में उतार रही है। यह टैबलेट बाजार में उपलब्ध डैपग्लीफ्लॉजिन टैबलेट के अलग ब्रांड की तुलना में एक तिहाई कम कीमत पर बिकेगी। इस टैबलेट को मरीज दिनभर में एक बार लेते हैं और यह डॉक्टर की पर्ची पर ही उपलब्ध होती है।
यह दवा ब्लड शुगर को कम कर देती है। दवा लेने पर किडनी पेशाब के जरिये अधिक ग्लूकोज को हटाता है, जिससे ब्लड शुगर कम हाे जाता है।
कंपनी के मुताबिक, देश में साढ़े सात करोड़ से अधिक संख्या में लोग मधुमेह से ग्रसित हैं तो ऐसे में किफायती कीमत पर इसका उपचार उपलब्ध कराना बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है। कम कीमत पर दवा मिलने से रोग प्रबंधन बेहतर होता है और इसी कोशिश के तहत कंपनी ने यह दवा बाजार में उतारी है।
अर्चना जितेन्द्र
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें