खादी केंद्र की बिक्री एक करोड़ के पार

नयी दिल्ली ,04 अक्टूबर. (वार्ता) खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के राजधानी स्थित कनाटप्लेस के खादी विक्रय केंद्र ने इस वर्ष गांधी जयंती पर एक करोड़ रूपये से अधिक की बिक्री की है।

केंद्रीय सूक्ष्म, मध्यम एवं मझौले उद्योग मंत्रालय ने रविवार को यहां बताया कि इस गांधी जयंती के अवसर पर कोविड-19 का कोई प्रभाव खादी की बिक्री पर नहीं पड़ा। कनॉट प्‍लेस स्थित दिल्‍ली के प्रमुख खादी इंडिया विक्रय केन्‍द्र ने गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार दो अक्‍टूबर को खादी उत्पादों की कुल मिलाकर 1,02,19,496 रुपये की बिक्री दर्ज की। पिछले साल दो अक्‍टूबर को इस केन्‍द्र से कुल 1.27 करोड़ रुपये कीमत के सामानाें की खरीदारी की गई थी। पूरे दिन में 1633 बिक्री चालान बनाए गए और औसत बिक्री 6258 रुपये प्रति चालान रही। सुबह से ही खादी इंडिया बिक्री केन्‍द्र पर विभिन्‍न क्षेत्रों और आयुवर्ग के ग्राहक पंक्तिबद्ध खड़े होने शुरू हो गए।

उल्‍लेखनीय है कि खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग ने महात्‍मा गांधी की 151वीं जयंती के अवसर पर अपने सभी उत्‍पादों पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट देने की शुरुआत की है।

आयोग के अध्‍यक्ष विनय कुमार सक्‍सेना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की खादी खरीदने की लगातार अपील के कारण बड़े पैमाने पर खादी की बिक्री हुई है। इसके अलावा जनता में, विशेष रूप से युवाओं में खादी की बढ़ती हुई लोकप्रियता ने भी इसमें योगदान दिया है। कोरोना महामारी के बावजूद लोग अभी भी खादी खरीदने के लिए आ रहे है।

श्री सक्‍सेना ने कहा कि यद्यपि इस साल बिक्री के आंकड़े महामारी के कारण पिछले साले के मुकाबले कुछ कम रहे, फिर भी एक दिन में एक करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री का आंकड़ा काफी संतोषजनक था।

सत्या जितेन्द्र

वार्ता


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास