कोविड टीकाकरण के लिए बन रही स्वास्थ्यर्किमयों की सूची

बढ़नी सिद्धार्थनगर
कोविड-19 की रोकथाम संबंधित टीकाकरण के लिए अग्रिम तैयारियां शुरू हो गई हैं। टीका (वैक्सीन) आने के बाद सबसे पहले सरकारी और निजी अस्पतालों में कार्यरत तकनीकी और गैर तकनीकी स्वास्थ्यर्किमयों को ही लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आईवी विश्वकर्मा ने सभी सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों से सूची तैयार करने का निर्देश जारी किया है। अधीक्षकों प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों तथा निजी अस्पतालों के संचालकों की अलग-अलग बैठक में उन्होंने दिशा-निर्देश दिया है कि यह कार्य प्राथमिकता के साथ होना चाहिए। इस संबंध में चिकित्सा-स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को पत्र भी भेजा है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देश पर जिले में सरकारी और निजी अस्पतालों में कार्यरत समस्त स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित कर्मियों का डेटा बेस तैयार किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि शासन और जिलाधिकारी से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार जनपद में कार्यरत समस्त मेडिकल, पैरामेडिकल एवं नॉन मेडिकल स्टॉफ को सूचीबद्ध किया जाना है। इस सूची में नियमित कर्मचारियों के अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा और आउटसोर्सिंग के कर्मचारी भी शामिल होंगे। जिले में क्रियाशील राज्य और मंडल स्तरीय कार्यालयों में कार्यरत विभागीय कर्मचारियों, सरकारी एवं निजी मेडिकल कालेज, पैरामेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक, गैर शैक्षणिक स्टॉफ, विद्यार्थियों और निजी अस्पतालों के समस्त स्टाफ को सूचीबद्ध किया जाएगा। जनपद के केंद्रीय स्वास्थ्य संगठनों को इस सूची से बाहर रखा गया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सौरभ चतुर्वेदी की देखरेख में सूची तैयार होगी। 


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास