कोविंद ,मोदी ने पासवान को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
नयी दिल्ली, 09 अक्टूबर (वार्ता) राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने शुक्रवार को केंद्रीय खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राम विलास पासवान के घर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की ।
चौहत्तर वर्षीय पासवान का गुरुवार देर शाम बीमारी की वजह से निधन हो गया था। पांच दिन पहले ही उनके हृदय का ऑपरेशन किया गया था।
श्री कोविंद सुबह करीब साढ़े 10 बजे श्री पासवान के सरकारी आवास 12 जनपथ पहुंचे और पार्थिव शरीर पर फूल अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इससे पहले श्री मोदी ने केन्द्रीय मंत्री के निवास पर जाकर श्रद्धांजलि दी। श्री मोदी के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी थे।
श्री मोदी श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद श्री पासवान के पुत्र चिराग पासवान और परिवार के अन्य सदस्यों से मिले और उन्हें सांत्वना दी।
श्री सिंह करीब 11 बजे श्री पासवान के घर और पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन चढ़ाये।
इससे पहले सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से श्री पासवान के पार्थिव शरीर को सरकारी आवास लाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर बाद श्री पासवान के पार्थिव शरीर को पटना ले जाया जायेगा जहां लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के कार्यालय में लोगों के दर्शनार्थ रखा जायेगा।
अंतिम संस्कार शनिवार को किये जाने की संभावना है।
मिश्रा आशा
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें