पटरी दुकानदारों के लिये संजीवनी है पीएम स्वनिधि योजना : योगी

लखनऊ 27 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना पटरी दुकानदारों के लिये संजीवनी की तरह काम कर रही है।
श्री योगी ने मंगलवार को कहा कि बड़ी संख्या में पटरी दुकानदारों को योजना का लाभ मिल रहा है। प्रदेश में अब तक 07 लाख से अधिक पटरी दुकानदारों ने इस योजना के तहत अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। अब तक 3.70 लाख से अधिक पटरी व्यवसायियों के ऋण स्वीकृत हुए हैं। इस योजना के तहत प्रदेश में अब तक 02 लाख 74 हजार पटरी विक्रेताओं को ऋण वितरित किया जा चुका है, जिसे शीघ्र बढ़ाकर 05 लाख पटरी दुकानदारों को ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि इन सभी को इस योजना के तहत लाभान्वित किया जाए। प्रदेश का नगर विकास विभाग बैंकर्स के साथ मिलकर इस योजना को सफल बनाने के सारे प्रयास कर रहा है।
श्री योगी ने कहा कि पटरी व्यवसायी समाज के अन्तिम के अन्तिम पायदान पर खड़ा हुआ वह व्यक्ति है, जिसकी मजबूरी हो जाती थी कि वह अपने व्यवसाय के लिए साहूकार से मंहगे दर पर लोन ले। इस योजना के अन्तर्गत ऋण स्वरूप उपलब्ध करायी जा रही 10,000 रुपये की यह पूंजी उसके लिए बहुत बड़ा सम्बल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पीएम स्वनिधि योजना के अन्तर्गत ऋण वितरण की सुविधा का लाभ लेकर पटरी व्यवसायी पर्व व त्योहारों में एक नये उत्साह के साथ आगे बढ़ सकेंगे।
उन्होने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम में 10 लाख 14 हजार इकाइयों को 26 हजार 267 करोड़ 54 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया, जिससे 25 लाख से अधिक रोजगार का सृजन हुआ है। लाॅकडाउन के दौरान गरीबों/श्रमिकों की मदद के लिए विशेष भरण-पोषण भत्ते के साथ-साथ खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी, जिससे उन्हें काफी मदद मिली।
इस योजना से 54 लाख से अधिक निर्माण श्रमिक, पटरी व्यवसायी और प्रवासी श्रमिकों को भी जोड़कर उन्हें लाभान्वित किया गया। वर्चुअल संवाद के कार्यक्रम के दौरान नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन, नगर विकास राज्य मंत्री महेश चन्द्र गुप्ता, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल मौजूद थे।
प्रदीप
वार्ता


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास