फतह हासिल करने के लिये भाजपा का मंथन
देवरिया,04 अक्टूबर(वार्ता) उत्तर प्रदेश में देवरिया सदर विधानसभा में होने वाले उप चुनाव में फतह हासिल करने के लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मंथन जारी है। इसी क्रम में सूबे के मुख्यमंत्री 10 अक्टूबर को उप चुनाव के प्रभारियों को वर्चुअल सम्बोधित करेंगे।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला रविवार को पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि उपचुनाव को देखते हुये आप सभी पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि पार्टी को इस चुनाव में विजय मिले।इसके लिये आप सभी जनता के बीच में लगातार सम्पर्क में रहें।लोगों से मोदी सरकार और योगी सरकार द्वारा कराये गये जनहित के कार्यों पर चर्चा करें और उन्हें बताये।
श्री शुक्ला ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश का गौरव पूरे विश्व मे बढ़ाया है।आज भारत कमजोर नहीं है,विश्व के देशों से आंख में आंख डालकर बात करता है तो उसका कारण है कि इस देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसा व्यक्तित्व कर रहा है। किसान,नौजवान,महिला,गरीब,वंचित और शोषित के लिये केन्द्र और प्रदेश की सरकार ने काम किया है।
उपचुनाव प्रभारी,प्रदेश मंत्री त्रयम्बकनाथ त्रिपाठी ने कहा कि इस चुनाव में कार्यकर्ताओं और सरकार के विकास कार्यो की वजह से हम सभी ऐतिहासिक विजय हासिल करेंगे।10 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष भाजपा स्वतंत्र देव सिंह देवरिया विधानसभा के बूथ अध्यक्षों और बूथ प्रभारियों, सेक्टर संयोजकों और सेक्टर प्रभारियों, मण्डल अध्यक्षों और इस विधानसभा के जिला,क्षेत्र और प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा उपचुनाव के प्रभारियों को वर्चुअल सम्बोधित करेंगे।
सं प्रदीप
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें