उपचुनाव : कांग्रेस और सपा समेत 21 उम्मीदवारों ने भरे पर्चे
लखनऊ 14 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के लिये जारी नामांकन प्रक्रिया के तहत बुधवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) उम्मीदवारों समेत सात सीटों पर कुल 21 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किये।
इससे पहले मंगलवार को 11 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किये थे। नामांकन की आखिरी तारीख 16 अक्टूबर है। जौनपुर की मल्हनी सीट के लिये सपा उम्मीदवार लकी यादव समेत चार उम्मीदवारों ने पर्चा भरा वहीं फिरोजाबाद की टूंडला सीट पर कांग्रेस की स्नेहलता और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संजीव कुमार समेत तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
बुलंदशहर में कांग्रेस के सुशील चौधरी समेत तीन ने पर्चे दाखिल किये जबकि अमराेहा की नौगांव सादात सीट पर बसपा के फुरकान समेत दो ने नामांकन किया। इसके अलावा उन्नाव की बांगरमऊ से तीन और देवरिया सदर से छह प्रत्याशियों ने अपने अपने पर्चे दाखिल किये। कानपुर की घाटमपुर सीट पर आज कोई नामांकन नहीं हुआ।
गौरतलब है कि विधानसभा उपचुनाव की आठ में से सात सीटों के लिये तीन नवम्बर को वोट डाले जायेंगे जबकि दस नवम्बर को मतगणना होगी। बसपा पहली बार उपचुनाव में हिस्सा ले रही है। उपचुनाव के जरिये सभी दल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों की रूपरेखा तैयार करेंगे।
प्रदीप
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें