विवि में एम फिल पाठ्यक्रम समाप्त
लखनऊ 23 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में नयी शिक्षा नीति में एम फिल पाठ्यक्रम को समाप्त किये जाने की संस्तुति की गयी है। एमफिल पाठ्यक्रम एक वर्ष की अवधि का है जबकि पीएचडी पाठ्यक्रम तीन वर्ष की अवधि का है।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि एम फिल के लिये एपीआई स्कोर 5 से 7 प्वाइंट का है जबकि पीएचडी का एपीई स्कोर 25-30 प्वाइंट का है।
नई शिक्षा नीति, 2020 में उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में एम फिल पाठ्यक्रम को समाप्त किये जाने की अपेक्षा की गयी थी।
लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर, बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी एवं महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली द्वारा प्रेषित की गयी संस्तुतियों को दृष्टिगत रखते हुये उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश के समस्त राज्य विश्वविद्यालयों में आगामी शैक्षणिक सत्र 2021-22 से एम फिल पाठ्यक्रम का संचालन समाप्त किये जाने का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी विशेष सचिव उच्च शिक्षा मनोज कुमार ने दी।
प्रदीप
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें