योगी ने शिक्षकों को वितरित किये नियुक्ति प्रमाण पत्र

लखनऊ, 16 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पांच शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर बहुप्रतीक्षित 31 हजार 277 सहायक शिक्षकों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।अपने सरकारी आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में श्री योगी ने 31277 सहायक अध्यापकों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत की। उन्होने कहा कि 69,000 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत पहले चरण में 31,277 शिक्षकों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया जा रहा है जो एक उपलब्धि है। सरकार का मानना है कि योग्यता और क्षमता की कहीं पर उपेक्षा नहीं होनी चाहिए।उन्होने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्ष के दौरान प्रदेश में बेसिक शिक्षा क्षेत्र में बहुत सारे परिवर्तन देखने को मिले हैं।
नवनियुक्त शिक्षकों का प्रयास शिक्षा की नींव को मजबूती देने का होना चाहिए। सरकार का प्रयास इस मुश्किल समय में भी अपना श्रेष्ठ करने का है। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग के मंत्री तथा अधिकारी भी बधाई के पात्र हैं कि उन्होंने चयन प्रक्रिया को कम समय में ही पूरा करने के काम को चुनौती के रूप में लिया।श्री योगी ने शिक्षकों से कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है। मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। जो मेहनत करते हैं उन्हे सफलता मिलती है। आप जैसे युवाओं के हाथ में बागडोर मिलने से बेसिक शिक्षा में बड़ा परिवर्तन होगा, ऐसा मुझे तथा सरकार को भरोसा है।उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र तैयार करने में आरक्षण के सभी नियमों का पालन हुआ है। पिछली सरकारों ने गलत तरीका अपनाया था। अब यूपी में कोई जातिवाद तथा भेदभाव नहीं है।इस बीच बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव प्रताप सिंह बघेल ने बताया कि गुरूवार को काउंसिलिंग पूरी हो गई है। शीर्ष कोर्ट के आदेश पर परिषदीय स्कूलों में 69000 शिक्षक भर्ती के सापेक्ष 31661 पदों पर नियुक्ति देने की प्रक्रिया शुरू हुई। परिषद ने सोमवार को 31277 अभ्यर्थियों की अनंतिम सूची जारी की थी।

प्रदीप

वार्ता


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास