बस - ट्रक टक्कर में चौबीस घायल
कुशीनगर 16 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के पटहेरवा इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मजदूरों से भरी एक बस, खड़े ट्रक में भिड़ गई। रजवटिया गांव के पास सोमवार की भोर में हुए इस हादसे में बस पर सवार 24 मजदूर घायल हो गए। इनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बस, पंजाब से मजदूरों को लेकर बिहार के मधुबनी जा रही थी। गंभीर रूप से घायल दस मजदूरों को कुशीनगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने यहां कहा कि बस बिहार के 70 मजदूरों को पंजाब के नाभा से लेकर मधुबनी जा रही थी। भोर में करीब 5 बजे के आसपास बस, कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र के रजवटिया गांव के पास पहुंची थी, तभी यह हादसा हुआ।
बस गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहले से खड़े आलू लदे ट्रक में पीछे से टकरा गई। रफ्तार अधिक होने के कारण बस के आगे का हिस्सा करीब पांच फीट तक ट्रक में घुस गया। इससे केबिन में बैठे मजदूर बुरी तरह दब गए। तेज आवाज सुनकर अगल-बगल के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने ही पुलिस और एम्बुलेंस को सूचित किया। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी तमकुही और फाजिलनगर भेजा गया है ।
सं विनोद
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें