निर्बाध बिजली के लिये समय से भुगतान करें उपभोक्ता: श्रीकांत

लखनऊ 03 नवंबर (वार्ता) साइकिल से दफ्तर जाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण और अच्छे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की मुहिम चला रहे उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने मंगलवार को लखनऊ के जानकीपुरम क्षेत्र में विद्युत उपभोक्ताओं के घर जाकर फीडबैक लिया और समय से बिजली के बिल के भुगतान की अपील की।
श्री शर्मा ने जानकीपुरम सेक्टर छह और सीतापुर रोड स्थित अहिबरनपुर विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने उपकेंद्र के पास स्थित मोहल्लों में लोगों से फीडबैक लिया साथ ही बकायेदार उपभोक्ताओं को समय से बिल जमा करने के लिए प्रोत्साहित भी किया। कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बिल भी जमा कर दिया।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उपभोक्ता समय पर बिल का भुगतान कर दें। उपभोक्ताओं की यह कोशिश न केवल घाटे में चल रहे बिजली विभाग को उबारेगी बल्कि ऐसा होने से सस्ती बिजली देने का भी रास्ता साफ होगा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा विभाग ने प्रदेश के हर घर-घर में बिजली पहुंचाई है। आने वाला दशक प्रदेश को 24 घंटे बिजली की सुविधा देने वाला है।
उन्होने पहले जानकीपुरम सेक्टर 6 बिजलीघर का दौरा किया। वहां कमियों को सुधारने के निर्देश के साथ ही अफसरों को नियमित पेट्रोलिंग करने, उपभोक्ताओं से संवाद करने और उनके फीडबैक के आधार पर सिस्टम को ठीक करने को कहा। इसके बाद उन्होंने पास के क्षेत्रों में लोगों से बिजली व्यवस्था को लेकर बात की।
श्री शर्मा साइकिल से जानकीपुरम सेक्टर 6 में घूमें वहां उन्होंने लोगों को प्रोत्साहित किया कि सभी समय से बिजली का बिल जमा करें। उन्होंने लोगों से व्यवस्था की दिक्कतों और उनमें सुधार को लेकर बात की। लोगों से डिजिटल माध्यमों से भुगतान की अपील की।बाद में उन्होंने सीतापुर रोड स्थित अहिबरनपुर बिजलीघर का दौरा किया। उपकेंद्र पर ऊर्जा मंत्री ने सभी कार्मिकों को साइकिल से पेट्रोलिंग करने के लिए प्रोत्साहित किया। कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए यह जरूरी है। साइकिलिंग अच्छे स्वास्थ्य व पर्यावरण दोनों के लिए बेहतर है। सभी कार्मिक बकायेदार उपभोक्ताओं के घर जाएं उनके घर की घंटी बजाएं और उन्हें बताएं। घर की बिजली काटना कोई सुविधाजनक विकल्प नहीं है।

प्रदीप

वार्ता


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास