उत्सव से कम नहीं है रामजन्मभूमि पर फैसले का दिन : धर्माचार्य

अयोध्या, 08 नवम्बर (वार्ता) अयोध्या के संत धर्माचार्यों ने कहा कि रामजन्मभूमि का ऐतिहासिक फैसले का दिन उनके लिये किसी उत्सव या पर्व से कम नहीं है।
श्रीरामजन्मभूमि के फैसले के पहली वर्षगांठ पर श्रीरामहर्षण आदि मैथिल संख्यपीठ के संस्थापक महंत अवध किशोर दास ने कहा “राम मंदिर के ऐतिहासिक फैसले की वर्षगांठ की बात सुनकर मेरी अंतरात्मा फिर जीवन्त हो गयी है। वैसी ही खुशी का दोबारा एहसास हो रहा है जैसा कि नौ नवम्बर 2019 को सुप्रीम कोर्ट के आये फैसले से हुआ था। अब तो मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का मंदिर भी बन रहा है, जिससे देश में खुशहाली का माहौल बना हुआ है। ”
मौनी माझा के महंत रामप्रिया दास महाराज के कृपापात्र उत्तराधिकारी महंत प्रेमनारायण दास ने कहा “ आज के दिन राम मंदिर का फैसला आया था, हमें बहुत खुशी है। यह तारीख हमारे लिये किसी पर्व या त्यौहार से कम नहीं है। वैसे तो हम करना बहुत कुछ चाहते थे लेकिन वर्षगांठ पर होने वाले सभी कार्यक्रमों पर रोक लगा हुआ है। हां इतना जरूर है कि हम अपने ठाकुर जी के सामने 51 घी के दीपक अवश्य जलायेंगे।”
श्रीरामाश्रम रामकोट के महंत जयराम दास महाराज ने कहा कि करीब 492 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद नौ नवम्बर 2019 को रामजन्मभूमि पर सुप्रीम कोर्ट से ऐतिहासिक फैसला आया था। पूरे देश ने इस निर्णय को सराहा था, और यह दिन बहुत शुभ है और भी आगे भी माना जायेगा। यह तारीख हमारे श्रीराम से जुड़ चुकी है जिसे हम कभी भूल नहीं पायेंगे। राम मंदिर के फैसले की प्रथम वर्षगांठ मनाने की लालसा हममें बहुत थी मगर प्रशासन ने सभी कार्यक्रमों पर रोक लगा रखी है। फिलहाल हम अपनी अंतरात्मा में उत्सव मना रहे हैं। हमारा मन बहुत ही प्रसन्न और प्रफुल्लित है।”
रामकृष्ण मंदिर रामकोट के महंत गणेशचन्द्र दास ने कहा कि नौ नवम्बर 2019 की तारीख इतिहास के पन्नों में स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो चुकी है। भगवान श्रीराम लगभग 27 वर्षों के बाद हमारे रामलला टाटपट्टी से निकलकर अस्थायी भवन में विराजमान हुए हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि देश में अमन चैन का माहौल है।
सं प्रदीप
वार्ता


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास