10 दिवसीय ‘खादी उत्सव प्रदर्शनी’ शुरू
वाराणसी, 17 दिसम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गुरुवार से 10 दिवसीय ‘खादी उत्सव प्रदर्शनी’ शुरू हो गई।
प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल परिसर के अर्बन हाट परिसर में 17 से 26 दिसम्बर तक चलने वाले आयोजित ‘खादी उत्सव प्रदर्शनी-2020’ का उद्घाटन किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी से ‘लोकल फॉर वोकल मिशन’ को बढ़ावा मिलेगा, छोटे उद्यमी प्रोत्साहित होंगे तथा उनका रोज़गार बढ़ेगा। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष इस प्रकार की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा इस वर्ष 250 लोगों को रोज़गार दिए जाने के लक्ष्य के सापेक्ष 1,000 बेरोजगारों को रोज़गार उपलब्ध कराये गये हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 27 विभागों द्वारा विभिन्न प्रकार के रोज़गार बढ़ाने के लिए लाभार्थियों को सब्सिडी दी जाती है। इन विभागों का 22 से 26 दिसंबर के दौरान इसी प्रदर्शनी स्थल पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें लोगों को रोज़गार सृजन की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला वह भी शामिल होंगे।
इस प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों एवं वाराणसी के अलावा जम्मू कश्मीर, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के 60 स्टाल लगाए गए हैं। खादी के स्टॉलों में सिल्क की साड़ियां, सूती खादी के वस्त्र, कंबल, कुर्ता, सदरी, गद्दा, रजाई, चादर, कारपेट एवं सिले-सिलाये खादी के परिधान उपलब्ध हैं। ग्रामोद्योगी उत्पादों में लगने वाले स्टॉल में जैम, जेली, आचार, मुरब्बा, अगरबत्ती, नमकीन, लकड़ी के फर्नीचर, अलमारी, बक्सा, आयुर्वेदिक औषधि एवं दर्द निवारक तेल इत्यादि के स्टॉल हैं।
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के सदस्य दिलीप सोनकर, संयुक्त आयुक्त उद्योग उमेश सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी यूपी सिंह समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बीरेंद्र त्यागी
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें