सरकार लोगों को रोजगार मुहैया कराने के लिये कटिबद्ध : योगी
लखनऊ 06 दिसम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार लोगों को सरकारी व निजी क्षेत्र में रोजगार मुहैया कराने के लिये संकल्पबद्ध है। इसके लिए प्रदेश में संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से भी उन्हें स्वावलम्बी बनाने का कार्य किया जा रहा है।
श्री योगी ने रविवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में औद्योगिक एवं अवस्थापना विकास आयुक्त को सभी जिलों में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग कर कामगाराें और श्रमिकों को रोजगार देने की स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिये। उन्होंने एफपीओ स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए कृषि विभाग सक्रियता से कार्य करे। किसान आन्दोलन के मद्देनजर सभी जिला प्रशासन संवाद बनाकर कार्य करें। प्रदेश में पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में सड़कों पर जाम न लगने पाए। उन्होंने नोएडा, गाजियाबाद क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये।उन्होने कहा कि शीतलहर के दृष्टि सभी जरूरतमंदों को कम्बल वितरित किये जाएं। शीत ऋतु में गरीबों और निराश्रितों को राहत पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार ने हर जिले में रैन बसेरों की व्यवस्था करायी है। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि कोई खुले में न सोए। यदि कोई ऐसा दिखे तो उसे रैन बसेरे तक पहुंचाया जाए।
प्रदीप
वार्ता

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें