इस बार गोरखपुर महोत्सव में स्थानीय कलाकार एवं शिल्पकार ही लेगें भाग
गोरखपुर, 13 दिसम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में कोरोना काल के बावजूद इस बार भी गोरखपुर महोत्सव का आयोजन किया जायेगा ,इसमें केवल स्थानीय कलाकारों और यहां के शिल्पकारों की कला को बढावा देने के लिए ही यह आयोजित किया जायेगा।
आधिकारिक सूत्रो ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने इस बार यह महोत्सव न/ न करने का निर्णय लिया था ,लेकिन पिछले दिनों गोरखपुर दौरे पर आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना से बचाव के लिए जरूरी प्रोटोकाल का पालन करते हुए इस महोत्सव का आयोजन कराने का निर्देश दिया था। मुयमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन इसकी तैयारियों में जुट गया है।उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से गोरखपुर महोत्सव का आयोजन होता आ रहा है। गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद इसे और विस्तार दिया गया। कोरोना संक्रमण के कारण इस बार लगभग तय हो चुका था कि यह आयोजन नहीं कराया जायेगा लेकिन स्थानीय कलाकारों के लिए इसे अयोजित करने का श्री योगी ने निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि गाेरखपुर महोत्सव हर साल 11, 12 और 13 जनवरी को तीन दिनों के लिए होता था वहीं इस साल यह मात्र दो दिन के लिए आयोजित किया जायेगा । आयोजन की तिथि फिलहल अभी तक तय नहीं हो सकी है।
इसी बीच गोरखपुर के मण्डलायुक्त जयन्त नार्लिकर ने अधिकारियों को गोरखपुर महोत्सव के आयोजन के सम्बंध में निर्देश दिया है कि कोविड-19 संक्रमण के प्रोटोकाल का पालन करते हुए इस महोत्सव का आयोजन किया जाये। उन्होंने कहा कि गोरखपुर महोत्सव स्थानीय कलाकारो के लिए एक बड़ा मंच है।
उन्होंने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिया गोरखपुर महोत्सव का आयोजन कराये जाने की कार्य योजना प्रस्तुत करें और गोरखपुर महोत्सव में बच्चो को आनलाइन जोड़ा जाये इसके साथ ही विभिन्न विषयो पर बेविनार एवं सेमिनार का आयोजन कराया जाये। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागो द्वारा शासकीय योजनाओ का प्रचार-प्रसार के लिए अपनी विभागीय स्टाल भी लगाये जाये।
उदय त्यागी
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें