कोहरे ने थामी रफ्तार,ठंड से सजा गर्म कपड़ों का व्यापार

 लखनऊ, 10 दिसम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश में सर्द हवाओं के तल्ख मिजाज के बीच घने कोहरे ने आम जनजीवन पर प्रभाव डालना शुरू कर दिया है।

पश्चिम से पूरब तक राज्य के अधिसंख्य इलाकों में घने कोहरे ने वाहनो की रफ्तार पर ब्रेक लगाया है वहीं ठंड के तीखे तेवरों ने गर्म कपड़ों के बाजार में रौनक ला दी है। राजधानी लखनऊ,कानपुर,फतेहपुर,फिरोजाबाद,सोनभद्र और उन्नाव समेत कई इलाकों में काेहरे की वजह से गुरूवार रात दृश्यता का स्तर दस मीटर से कम रहा जिससे सड़कों पर वाहन रेंग रेंग कर चले।
कोहरे के चलते फिरोजाबाद के सिरसागंज क्षेत्र में हुये सड़क हादसे में एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये वहीं सोनभद्र में बारातियों से भरे एक वाहन के पेड़ से टकराने से 12 से अधिक लोग घायल हो गये।
मौसम विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट का दौर फिलहाल जारी रहने के आसार है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले कुछ दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा और हिमपात का अनुमान है जिसका प्रभाव उत्तर प्रदेश के मैदान इलाकों में भीषण ठंड के रूप में देखने को मिलेगा। इस दौरान रातें और सर्द होंगी जबकि दिन में कोहरे के बीच तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।
ठंड की वजह से लखनऊ समेत अन्य जिलों में गर्म कपड़ों की खरीददारी जोर पकड़ने लगी है। लखनऊ के हजरतगंज,अमीनाबाद,चौक और इंदिरानगर में कपड़ा व्यवसाइयों ने गर्म कपड़ों का पर्याप्त भंडारण कर रखा है। दुकानदारों का कहना है कि कोराना काल में व्यापार में आयी गिरावट की भरपाई सर्द मौसम में हो सकने की उम्मीद है। हालांकि अभी ग्राहकों की भीड़ का उमड़ना आशा के अनुरूप नहीं हो सका है।
प्रदीप
वार्ता

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास