गलन और कोहरे से निजात की संभावना नहीं,इटावा 2.4 डिग्री पर


 लखनऊ 26 जनवरी (वार्ता) गलन भरी ठंड,नश्तर चुभाेती बर्फीली हवा और कोहरे का सामना कर रहे उत्तर प्रदेश के बाशिंदों को फिलहाल मौसम के तल्ख तेवरों से निजात मिलने की कोई संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के अनुसार कम से कम अगले 72 घंटो तक गलन भरी सर्दी का प्रकोप जारी रहने के आसार है। इस दौरान कुछ इलाकों में घना कोहरा गिरने का अनुमान है। कुछ एक इलाकों में बदरी छाये रहने से कोल्ड डे जैसे हालात बने रहेंगे। इस दौरान अधिसंख्य इलाकों में दिन का तापमान 20 डिग्री के आसपास और न्यूनतम चार से सात डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने के आसार है।

पिछले 24 घंटो में इटावा राज्य का सर्वाधिक ठंडा इलाका रहा जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया वहीं लखीमपुर खीरी में दिन का तापमान सबसे अधिक 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इस अवधि में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात बने रहे। अयोध्या,प्रयागराज,वाराणसी,कानपुर,लखनऊ और मुरादाबाद मंडल में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गयी। झांसी,आगरा और मेरठ मंडल में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया।

कोहरा और गलन के कारण कई स्थानो पर दोपहर तक धूप के दर्शन नहीं हुये। गणतंत्र दिवस का अवकाश होने के बावजूद पार्को और प्राणि उद्यान में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि सड़कों पर कई जगहों पर गरीब अलाव तापते नजर आ रहे थे। दोपहर बाद हल्की धूप खिलने के बावजूद सर्द हवाओं ने इसे बेअसर साबित किया और लोगबाग घरों में दुबके रहे।

प्रदीप

वार्ता

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास