भाजपा नेता की पिटाई करने वाला सिपाही निलंबित
देवरिया,11 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के देवरिया में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय पदाधिकारी के साथ मारपीट करने के आरोप में एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार रात नवसृजति थाना बरियारपुर में दुकानदार की पैरवी करने गये एक भाजपा नेता के साथ सिपाही ने मारपीट की। पुलिस अधीक्षक ने सिपाही को निलंबित कर दिया है।उन्होने बताया कि आरोप है कि सिपाही मनोज पटेल ने गश्त के दौरान महुआपाटन चौराहे पर बलराम चौरसिया की पान की दुकान जबरदस्ती बंद करा दी और उसको थाने ले गया। जानकारी मिलने पर बरियारपुर भाजपा मंडल के अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष नागेश्वर पासवान दुकानदार की पैरवी करने बरियारपुर थाने पर पहुंच गये थे। नागेश्वर का आरोप है कि कुछ देर बाद नशे में धुत होकर सिपाही मनोज पटेल पहुंचा और बलराम चौरसिया की पिटाई शुरू कर दी।
बताया जाता है कि पिटाई का विरोध करने पर सिपाही भड़क गया और वह नागेश्वर पासवान को भी डंडे से मारने-पीटने लगा। सिपाही की पिटाई से नागेश्वर का सिर फट गया और खून बहने लगा। यह देख थाने में अफरा-तफरी मच गई। मौका देख सिपाही थाने से भाग निकला। घायल नागेश्वर को सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर रविवार देर रात में पुलिस अधीक्षक डा.श्रीपति मिश्र ने सिपाही मनोज पटेल को निलंबित कर दिया है।
सं प्रदीप
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें