पश्चिम में बौछार,समूचे यूपी में गलन और कोहरे की मार
लखनऊ 02 जनवरी (वार्ता) गलन,कोहरा और शीतलहर की तिहरी मार झेल रहे उत्तर प्रदेश में गरज चमक के साथ बूंदाबांदी होने के पूर्वानुमान ने ठंड के तेवरों में तल्खी के आसार बढ़ा दिये हैं।
सहारनपुर,संभल समेत पश्चिम के कुछ इलाकों में शनिवार को सारा दिन बादल छाये रहे जबकि कुछ एक स्थानों पर गरज चमक के साथ बूंदाबांदी होने से ठंड में इजाफा दर्ज किया गया,नतीजन सड़कों और बाजारों में वीरानी नजर आयी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में पश्चिम के कुछ जबकि पूरब के इक्का दुक्का इलाकों में बौछारें पड़ने का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम में आने वाला बदलाव पांच जनवरी तक बरकरार रहने की संभावना जतायी गयी है।कोहरा और गलन के बीच लगभग समूचे राज्य में वायु गुणवत्ता सूचकांक खतरनाक स्तर को पार कर चुका है। लोगों को सलाह दी गयी है कि वे ठंड से बचने के लिये पालीथीन और टायर जैसे रसायनिक तत्वों को इस्तेमाल न करें और घरों के खिड़की दरवाजों को दिन के वक्त हल्का खुला रखें।
आगरा,सहारनपुर,मुजफ्फरनगर,बरेली,संभल और मुरादाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शाम ढलते ही पारा लुढ़क कर 15 से 16 डिग्री के बीच आ गया जिसके रात में और गिरने के आसार हैं। शाम छह बजे के करीब लखनऊ का तापमान 16 तो कानपुर का 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पिछले 24 घंटो में बरेली राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया वहीं चुर्क में राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान लखनऊ,मुरादाबाद और झांसी मंडल में तापमान में मामूली बढोत्तरी दर्ज की गयी वहीं रात में आगरा और कानपुर के तापमान में सुधार दर्ज किया गया।
प्रदीप
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें