राज्य सम्पत्ति विभाग के कर्मचारियों के लिये आनलाइन पोर्टल

 लखनऊ 01 जनवरी,(वार्ता) उत्तर प्रदेश के राज्य सम्पत्ति विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के सेवा सम्बन्धी मामलों के निस्तारण के लिए मानव सम्पदा आनलाइन पोर्टल को अडाॅप्ट कर लिया गया है।

अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री एसपी गोयल ने शुक्रवार को इसका औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होने बताया कि मानव सम्पदा पोर्टल को अंगीकृत किए जाने के बाद राज्य सम्पत्ति विभाग के कर्मचारी अवकाश के लिये आनलाइन अथवा मोबाइल एप से आवेदन कर सकेंगे। इस पर आनलाइन ही निर्णय लेते हुए विभाग द्वारा सम्बन्धित कार्मिक को मेल अथवा एसएमएस के माध्यम से सूचित कर दिया जाएगा।
इसके अलावा कर्मचारियों की सेवा पंजिका, एसीआर तथा अन्य सेवा अभिलेखों का आनलाइन ही रख-रखाव किया जाएगा। इससे कार्मिकों के सेवा सम्बन्धी प्रकरणों का यथा समय निस्तारण सम्भव हो सकेगा।
श्री गोयल ने बताया कि राज्य सम्पत्ति विभाग की सेवा नियमावली की विसंगति को दूर कर दिया गया है। इससे कर्मचारियों की पांच वर्षों से लम्बित प्रोन्नति का मार्ग प्रशस्त हो गया। विभाग द्वारा पांच व्यवस्था अधिकारियों तथा एक मुख्य व्यवस्था अधिकारी को अगले पद पर पदोन्नति प्रदान कर दी गई है।
उन्होने बताया कि सरकारी काॅलोनियों में अध्यासित 126 पत्रकारों और वरिष्ठ पत्रकारों को उन्हें आवंटित आवासों का वर्ष 2021 के लिए नवीनीकरण कर दिया गया है। इसके अलावा, राज्य सम्पत्ति विभाग द्वारा सरकारी काॅलोनियों में अध्यासित 10 पत्रकारों एवं वरिष्ठ पत्रकारों के आवास का पुनः आवंटन भी किया गया है।
प्रदीप
वार्ता

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास