योगी ने गणतंत्र दिवस पर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के दिए निर्देश

 लखनऊ, 25 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल गणतंत्र दिवस पर सम्पूर्ण प्रदेश में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिये हैं।

उन्होंने कहा है कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर संचालित इस अभियान के तहत प्रत्येक गांव व शहर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई के कार्य किये जाएं।

मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्याें की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने शीतलहर के दृष्टिगत रैन बसेरों के सुचारु संचालन तथा अलाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने जरूरतमंदों को कम्बल वितरित करने के निर्देश भी दिए हैं।

उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ किये जाएं। कार्य की प्रभावी माॅनीटरिंग करते हुए निर्माण परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि पूर्वान्चल एक्सप्रेस-वे परियोजना का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है।

श्री योगी ने कहा कि वरासत अभियान को निर्धारित समय-सारणी के अनुरूप संचालित करते हुए निर्विवाद उत्तराधिकार को खतौनियों में दर्ज किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिये।

बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव आर के तिवारी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टण्डन, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक हितेश सी0 अवस्थी, अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव मित्तल, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा डाॅ0 रजनीश दुबे, अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज एवं ग्राम्य विकास मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव पशुपालन भुवनेश कुमार, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य आलोक कुमार, सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

त्यागी

वार्ता

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास