उन्नाव में किशोरियो के शव पर चोट के निशान नहीं : पुलिस महानिदेशक

 

लखनऊ 18 फरवरी (वार्ता) उन्नाव में दो किशोरी की संदेहास्पद परिस्थितियों में हुयी मौत के मामले में अफवाहों पर विराम लगाते हुये पुलिस महानिदेशक एच सी अवस्थी ने साफ किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक किशोरियों के शरीर में कोई आंतरिक अथवा बाहृय चोट नहीं पायी गयी है।

उन्नाव के असोहा थाना इलाके के बबुरहा गांव में बुधवार शाम तीन किशोरियों को एक खेत में पाया गया था जिनमें दो की मौत हो चुकी थी जबकि तीसरी किशोरी मूर्छित हालत में मिली जिसे इलाज के लिये कानपुर के एक निजी अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस महानिदेशक ने गुरूवार को एक बयान जारी कर कहा कि पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों के अनुसार यह संदेहास्पद मामला है। संभवत: किशोरियों ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया हालांकि पोस्टमार्टम में मृत्यु के सटीक कारण का पता नहीं चल सका है। लड़कियों का विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। फोरेंसिक विशेषज्ञ आगे की जांच करेंगे। शव में किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले है।

उन्होने कहा कि पुलिस को जानकारी मिलते ही लड़कियों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया था जहां दो को मृत घोषित कर दिया गया। तीसरी लड़की होश में नहीं थी जिसे बेहतर इलाज के लिये कानपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरकार ने लड़की के बेहतर इलाज के निर्देश डाक्टरों को दिये हैं।

इस बीच पूरी घटना की जांच के लिये छह पुलिस टीम का गठन किया गया हैै जिसे पुलिस के आला अधिकारी निर्देशित कर रहे हैं।

प्रदीप

वार्ता

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास