‘निवेश मित्र’ को मिला ‘अवार्ड आफ एक्सीलेंस’
लखनऊ, 12 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश सरकार के सिंगल विण्डो पोर्टल ’निवेश मित्र’ को कम्प्यूटर सोसाइटी आफ इण्डिया (सीएसआई) के प्रतिष्ठित ‘अवार्ड आफ एक्सीलेंस’ के सम्मान से नवाजा गया है।
उद्यमियों और उद्योगपतियों को राज्य में अपनी इकाइयों एवं उद्यमों को स्थापित करने और संचालित करने के लिए विकसित किए गए ऑनलाइन इंटरफेस ‘निवेश मित्र’ को यह पुरस्कार ‘प्रोजेक्ट श्रेणी’ में प्रदान किया गया है।18वें सीएसआई स्पेशल इंटरेस्ट ग्रुप ई-गवर्नेंस अवार्ड्स 2020 के उपलक्ष्य में शुक्रवार को यहां आयोजित कार्यक्रम के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपर मुख्य सचिव एस पी गोयल, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की सचिव एवं इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नीना शर्मा और जिलाधिकारी हरदोई अविनाश कुमार को यह पुरस्कार प्रदान किया।
अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास अरविंद कुमार ने बताया कि फरवरी 2018 में निवेश मित्र के प्रारम्भ होने के बाद से अब तक सिंगल विंडो पोर्टल पर तीन लाख 27 हजार 502 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें से 95 प्रतिशत की निस्तारण दर के साथ लगभग 83 प्रतिशत, अर्थात् 2,77,335 स्वीकृतियां प्रदान कर दी गई हैं।
गौरतलब है कि निवेश मित्र का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूपी इन्वेस्टर्स समिट के दौरान 21 फरवरी, 2018 को किया गया था।
प्रदीप
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें