पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की दिशा में मदद करेगा बजट: खन्ना
लखनऊ 01 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट से देश की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी। यह बजट मूलभूत सुविधाओं को बढ़ावा देने वाला, हर वर्ग का ख्याल रखने वाला, अर्थव्यवस्था को बढ़ाने वाला, सीनियर सिटीजन को राहत देने वाला है।
श्री खन्ना ने कहा कि पांच ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था को प्राप्त करने,आत्मनिर्भर भारत बनाने तथा रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में यह बजट महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने की दिशा में जैसे सड़क पर 1.18 लाख करोड़, रेलवे पर 1.10 लाख करोड़, मेट्रो को 11000 करोड़ की व्यवस्था तथा 27 शहरों में चलाने के लिए 1016 किलोमीटर मेट्रो लाइन बिछाने का प्रावधान किया गया है। 46000 किलोमीटर रेलवे लाइन को इलेक्ट्रिक लाइन में कन्वर्ट करने का प्रावधान किया गया है।उन्होने कहा कि वर्ष 2020-21 में 94 हजार करोड़ के चिकित्सा काे इस वर्ष बढ़ाकर 2.38 लाख करोड़ रुपए किया गया है। चिकित्सा के बजट में गत वर्ष से 135 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। बजट में कोविड टीकाकरण के लिये 35 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। स्वच्छ भारत मिशन में 1. 41 लाख करोड़ खर्च होंगे, जल जीवन मिशन में 2.87 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है। कूड़ा प्रबंधन पर 1.78 हजार करोड़ की व्यवस्था की गई है।
सूबे के वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशन में केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा पेश बजट की सराहना करते हुए कहा कि इनोवेशन्स के लिये 50 हजार करोड़ रूपये रिसर्च फाउन्डेशन में रखे गये हैं, जिससे नई खोजों एवं रिसर्च को बढ़ावा मिलेगा। लोहा और स्टील सस्ते होने से गृह निर्माण सस्ता होगा, इससे घर बनाने वाले आमजन को राहत मिलेगी। एमएसएमई को 15.7 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे जहाँँ एक ओर अवस्थापना सुविधाओं का विकास होगा, वहीं रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। 11000 करोड़ रुपए की पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए व्यवस्था की गई है। जीएसटी प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।
प्रदीप
वार्ता

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें