मेरा राशन मोबाइल एप की शुरुआत
नयी दिल्ली 12 मार्च (वार्ता) खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के सचिव सुधाशु पांडे ने शुक्रवार को मेरा राशन मोबाइल एप लांच किया।यह एप उन लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा जो अपनी आजीविका के लिए अपने घरों से किसी अन्य स्थान पर जाते हैं। एक राष्ट्र एक राशन कार्ड (ओएनओआरसी) योजना पर उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के सचिव ने आज संवाददाता सम्मेलन में एप को जारी किया।श्री पांडे ने कहा कि यह योजना आरंभ में चार राज्यों में अगस्त 2019 में शुरू हुई और बहुत ही कम समय में दिसंबर 2020 तक 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इसे लागू कर दिया गया। बचे हुए चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ महीनों में इसके लागू होने की संभावना है। श्री पांडे ने कहा कि इस सिस्टम के अंतर्गत लगभग 69 करोड़ एनएफएसए लाभार्थी लाभान्वित हो रहे हैं जो कुल एनएफएसए जनसंख्या का लगभग 86 प्रतिशत है और प्रतिमाह देश में औसतन 1.5 से 1.6 करोड़ लोगों को ओएनओआरसी से जोड़ा जा रहा है।
अरुण, रवि
वार्ता

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें