सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में अब छह दिन लगेंगे कोरोना का टीका

 

लखनऊ, 14 मार्च (वार्ता) उत्‍तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में अब छह दिन कोरोना के टीके लगाये जायेंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि एक ओर प्रदेश में तेजी से कोरोना की जांच की जा रहीं हैं वहीं दूसरी ओर टीकाकरण अभियान के तहत प्रदेश में युद्ध स्‍तर पर टीकाकरण किया जा रहा है। प्रदेश में टीकाकरण अभियान को रफ्तार देते हुए व ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुनिश्चित सेवाएं देने के लिए अब प्रदेश के सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्रों में भी छह दिन कोविड टीकाकरण किया जाएगा। प्रदेश के सभी राजकीय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्‍पतालों और सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्रों में सोमवार से शनिवार तक टीकाकरण किया जाएगा।

उन्होने बताया कि कोविड प्रबंधन के कारण ही आज उत्‍तर प्रदेश कोरोना टीकाकरण व जांच में देश में नंबर वन है। प्रदेश में अब तक 3,27,57,452 सैम्पलों की जांच की जा चुकी है। रोजना डेढ़ लाख से अधिक कोरोना की जांच प्रदेश में की जा रहीं हैं। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित महज 178 नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में अब तक कुल 5,94,693 लोग कोरोना संक्रमण मुक्‍त होकर डिस्‍चार्ज किए जा चुके हैं।

सूत्रों ने बताया कि अब उत्तर प्रदेश में कोरोना से पूर्व की तरह ही गतिविधियां सामान्‍य हो रहीं हैं। प्रदेश के सभी जनपदों के मेडिकल कॉलेजों में अब पूर्व की तरह सामान्‍य नागरिकों के लिए सुविधाएं भी सुलभ हो रहीं हैं। प्रदेश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ने में प्रदेश सरकार की रणनीति में सर्विलांस टीमें व कांट्रेक्‍ट ट्रेंसिंग अहम रही। जिस कारण आज 24 करोड़ की आबादी वाले प्रदेश में 18 करोड़ की आबादी तक ये टीमें पहुंची चुकी हैं।

सूत्रों ने बताया कि अभी तक जहां प्रदेश के मेडिकल कालेज व जिला चिकित्सालयों में सोमवार से शनिवार और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर सोमवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कोविड वैक्सीनेशन का कार्य किया जा रहा था। पर अब सोमवार से प्रक्रिया में बदलाव लाते हुए मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के दिशा निर्देशानुसार सभी मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर सोमवार से शनिवार तक कोविड टीकाकरण का कार्य किया जाएगा।

उन्होने बताया कि प्रदेश में महज 1,851 कोरोना के एक्टिव केस रह गए हैं। प्रदेश में 13 मार्च से शुरू हुई फोकस टेस्टिंग से युद्धस्‍तर पर कोरोना की जांचें की जा रही हैं। होली के पर्व को ध्‍यान में रखते हुए अन्‍य प्रदेशों से आने वाले लोगों की जांच समेत रेस्‍त्रां, ठेले-खुमचों, खाने पीने की दुकानों समेत शराब के ठेकों, भांग के ठेकों पर इस महा अभियान के तहत फोकस टेस्टिंग की जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि टीकाकरण अभियान के तहत प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का वैक्सीनेशन का कार्य चल रहा है। प्रदेश में 45 से 60 वर्ष की आयु वाले लोग जो पहले से चिन्हित बीमारियों से ग्रसित है उनका भी वैक्सीनेशन किया जा रहा है। टीकाकरण अभियान के तहत प्रदेश में अब तक कुल 26,43,841 कोविड वैक्सीनेशन की डोज लगायी गयी, इनमें से 20,30,600 व्यक्तियों को पहली डोज लगी है इनमें से 6,13,241 को दूसरी डोज भी लगायी जा चुकी है। प्रदेश में सोमवार को साढ़े चार हजार बूथों पर टीकाकरण किया जाएगा।

प्रदीप

वार्ता

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास