अखिलेश ने दी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई
लखनऊ 08 मार्च (वार्ता) समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘नारीशक्ति‘ को हार्दिक बधाई देते हुए कहा है पार्टी ‘आधी आबादी‘ के पूरे सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के लिए प्रतिबद्ध हैं।
समाजवादी पार्टी ने पिछले दिनों ही प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध, महिला स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, मंहगाई, शिक्षा में उपेक्षा, गरीब निराश्रित महिलाओं की पेंशन आदि समस्याओं को लेकर ‘महिला घेरा‘ कार्यक्रम चलाकर भाजपा सरकार में महिलाओं के साथ हो रहे उपेक्षापूर्ण व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाई थी।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोत्तरी हुई है। मुख्यमंत्री कभी ऐंटी रोमियों स्क्वाड, कभी पिंकबूथ और कभी मिशन शक्ति की खोखली घोषणाओं के जरिए बहकाने का काम करते हैं। महिलाओं के बुनियादी मुद्दों पर कभी भाजपा सोचती नहीं। भाजपा नेतृत्व की पुरूष प्रधान मानसिकता के चलते महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय सेवाओं के बावजूद वेतन, पदोन्नति और कार्यव्यवहार में विसंगतियों का सामना करना पड़ता है। नेशनल क्राइम ब्यूरों रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के प्रति अपराधों में बढ़त को रेखांकित किया गया है। भाजपा सरकार के कारण उत्तर प्रदेश की बदनामी अब राष्ट्रीय स्तर पर भी हो रही है।
विनोद
वार्ता

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें