बिरला ने मोदी, सांसदों का आभार जताया

 

नयी दिल्ली 25 मार्च (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद के बजट सत्र के दौरान एक बार पुन: उत्पादकता का कीर्तिमान कायम होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित सभी राजनीतिक दलों के नेताओं, पीठासीन अधिकारियों एवं सांसदों का उनके सहयोग के लिए आभार ज्ञापन किया है।

कोविड-19 के संक्रमण का उपचार करा रहे श्री बिरला ने अस्पताल से ट्वीट करके कहा, “लोकसभा के बजट सत्र का आज सत्रावसान हुआ। सत्र के दौरान 114 प्रतिशत उत्पादकता रही। माननीय प्रधानमंत्री श्री मोदी जी, सभी दलों के नेताओं तथा माननीय सदस्यों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ। सदस्यों ने देर रात तक सहभागिता सुनिश्चित करते हुए सार्थक संवाद की परम्परा को और मजबूत बनाया।”

लोकसभा अध्यक्ष ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयक भी पारित किए गए। स्वास्थ्य कारणों से सत्र के अंतिम दिनों में मैं सदन में उपस्थित नहीं रह सका। उस दौरान पीठासीन अधिकारियों के पैनल ने कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित किया। माननीय सदस्यों ने भी इसमें पूरा योगदान दिया। इसके लिए सभी का साधुवाद।”

लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने से पहले पीठासीन अधिकारी भर्तृहरि मेहताब ने वक्तव्य में कहा कि सत्रहवीं लोक सभा के अन्य सत्रों की भांति बजट सत्र में भी रिकॉर्ड कार्य हुआ। सत्र के दौरान सभा की 24 बैठकें हुई, जो 132 घंटे तक चलीं । इस सत्र के दौरान सभा की उत्पादकता 114 फीसदी रही। इससे पहले प्रथम सत्र में 125 प्रतिशत, दूसरे सत्र में 115 प्रतिशत, तीसरे सत्र में 117 प्रतिशत और चौथे सत्र में रिकॉर्ड 167 प्रतिशत कार्य हुआ। इस बजट सत्र में, विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करने के लिए सभा 48 घंटे और 23 मिनट देर तक बैठी।

बजट सत्र के आरंभ में किसान आंदोलन को लेकर बने गतिरोध को अध्यक्ष श्री बिरला के अनवरत प्रयासों से सुलझाया गया और सभी दलों में सदन के सुचारु सञ्चालन के लिए आमराय बनी। इसी के साथ सत्रहवीं लोकसभा के अन्य सत्रों की भाँति बजट सत्र में भी उत्पादकता का स्तर ऊँचा रहा। कई बार व्यवधानों के बावजूद श्री बिरला ने दूरदर्शिता से जटिल मुद्दों को सुलझाया और सत्र के दौरान रिकॉर्ड कार्य हुआ।

सचिन

वार्ता

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास