महिला सांसदों, महिला पत्रकारों से बिरला ने की भेंट
नयी दिल्ली 08 मार्च (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक अनूठी पहल करते हुए संसद भवन परिसर में महिला सांसदों और महिला पत्रकारों के साथ मुलाकात की।
इस भेंट कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास और वस्त्र मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी भी मौजूद थीं ।इस अवसर पर महिलाओं का अभिनंदन करते हुए श्री बिरला ने समाज में महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों में उच्च पदों पर बहुत अच्छे ढंग से कार्य कर रही हैं और समाज के विकास में उत्कृष्ट योगदान दे रही हैं। महिलाएं राष्ट्रपति, प्रधान मंत्री लोक सभा अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अग्रणी भूमिका निभा रही हैं ।
श्री बिरला ने यह भी कहा कि महिलाओं में योग्यता, धैर्य, आत्म विश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति है और इन गुणों के साथ वे पंचायत से लेकर संसद तक देश की सेवा कर रही हैं। वे सत्ता के महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में योगदान देने के साथ ही जनकल्याण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका का उल्लेख करते हुए श्री बिरला ने कहा कि देश का विकास और उन्नति तभी संभव है जब महिलाओं की राष्ट्र निर्माण के प्रत्येक क्षेत्र में भागीदारी हो। वर्तमान सत्रहवीं लोक सभा में महिला सांसदों की संख्या सबसे अधिक है। उन्होंने सभा में महिला सांसदों के कार्य तथा वाद-विवाद में उनकी अर्थपूर्ण भागीदारी की सराहना की ।
महिला पत्रकारों के बारे में बात करते हुए श्री बिरला ने कहा कि पत्रकारिता एक चुनौतीपूर्ण और कठिन कार्य है और महिलाएं अपनी योग्यता और साहस के साथ ही लोक हित के मुद्दों के प्रति करुणा और दया के भावों के कारण इस चुनौतीपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक कर रही हैं। महिलाओं ने अपनी रिपोर्टिंग के माध्यम से समाज के वंचित वर्गों और समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति की समस्याओं को उजागर करते हुए सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके ।
लोकसभा की कार्यवाही आरंभ होने पर श्री बिरला ने संसद सदस्यों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बधाई दी। सदन में उन्होंने कहा कि आज का दिन महिलाओं की उपलब्धियों तथा राष्ट्र और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण करने का दिन है।
इसके बाद श्री बिरला ने लोक सभा सचिवालय की महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मुलाकात की तथा सभा के निर्विघ्न संचालन में उनके योगदान की सराहना की।
सचिन
वार्ता

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें