कक्षा आठ तक के स्कूल 11 अप्रैल तक बंद

 लखनऊ 02 अप्रैल,(वार्ता) उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कक्षा आठ तक के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों को 11 अप्रैल तक बंद रखने को कहा है वहीं लखनऊ समेत सात जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये गये हैं।

श्री योगी ने शुक्रवार को अनलाक व्यवस्था की समीक्षा बैठक में कहा कि कोविड-19 के संक्रमण को नियंत्रित रखने तथा इस महामारी के उपचार के लिए प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में सभी प्रकार के संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने अर्जित किए गए अनुभव तथा संसाधनों के बेहतर समन्वय से कोविड-19 के खिलाफ जंग को प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कोरोना संक्रमण के मद्देनजर कक्षा एक से आठ तक के सभी परिषदीय एवं निजी विद्यालयों को 11 अप्रैल तक बन्द रखने के निर्देश दिए हैं। इस अवधि में इन विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य बन्द रहेगा, जबकि शिक्षक प्रशासनिक कार्यों के लिए स्कूल आते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के सम्बन्ध में लोगों को जागरूक करने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए मास्क का अनिवार्य उपयोग, सेनिटाइजेशन तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित किया जाए। सार्वजनिक स्थलों पर यदि लोग मास्क न लगाएं, तो उनके खिलाफ कार्यवाही की जाए।

उन्होने लखनऊ, कानपुर नगर,मेरठ,वाराणसी,प्रयागराज,गाजियाबाद और आगरा में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि इन जिलों में एल-2, एल-3 बेडों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होने पूरे राज्य में कोविड अस्पतालों की बहाली की स्थिति की रिपोर्ट आज शाम तक उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर एल-2 तथा एल-3 कोविड अस्पतालों की संख्या बढ़ाई जाए। टेस्टिंग, ट्रैकिंग और ट्रीटमेन्ट की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
श्री योगी ने कहा कि जो लोग होम आइसोलेशन में रखे गए हैं, उनकी निरन्तर माॅनिटरिंग की जाए और हालचाल लिया जाए। उन्होंने निगरानी समितियों को सक्रिय करने के निर्देश देते हुए सर्विलांस सिस्टम को प्रभावी बनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि त्योहारों तथा पंचायत चुनाव के मद्देनजर बाहर के राज्यों से लोग वापस उत्तर प्रदेश आ रहे हैं। ऐसे में गांवों में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सभी कदम उठाएं जाएं।
उन्होने कहा कि कोरोना से जंग में इन्टीगे्रटेड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को प्रतिदिन नियमित तौर पर सुबह कोविड चिकित्सालय में तथा शाम को इन्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर में बैठक कर स्थिति की समीक्षा तथा आगे की रणनीति तय करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन मरीजों का इलाज चल रहा है तथा जो लोग होम आइसोलेशन में रखे गए हैं उनकी जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाए और समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होने कहा कि अब टीकाकरण की गति को बढ़ाना होगा। इसके लिए हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर्स पर भी टीकाकरण हो रहा है। केन्द्र सरकार की गाइडलाइन्स का अनुपालन करते हुए वैक्सीनेशन का कार्य पूरी प्रतिबद्धता से किया जाए। वैक्सीन की वेस्टेज को हर हाल में रोका जाए।
प्रदीप
वार्ता


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास