गरीबों को फिर मिलेगा दो माह तक मुफ्त अनाज

 नयी दिल्ली 24 अप्रैल (वार्ता) कोविड संकट के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे देश के करीब 80 करोड़ लोगों को दो माह तक निःशुल्क प्रति माह प्रति व्यक्ति पांच किलो अनाज मिलेगा।

खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के सचिव सुधांशु पांडे ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आने वाले लोगों को मई और जून में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की तर्ज पर निःशुल्क प्रति माह प्रति व्यक्ति पांच-पांच किलो अनाज दिया जाएगा। इस योजना के तहत अंतोदय अन्न योजना और प्रायरिटी हाउस होल्डर्स को पांच किलो चावल या गेहूं दिया जाएगा। यह अनाज मासिक कोटा के अतिरिक्त दिया जाएगा।

इस योजना के लिए केंद्र राज्यों को 26,000 करोड़ रुपए का खाद्य सब्सिडी देगा। सरकार ने कल इस योजना की घोषणा की थी।

श्री पांडे ने बताया कि पिछले साल भी कोरोना संकट के दौरान अप्रैल से नवंबर के दौरान गरीबों को मुफ्त अनाज दिया गया था। पिछले साल दाल और चना भी दिया गया था लेकिन इस बार चावल या गेहूं ही दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि देश में अनाज का पर्याप्त भंडार है और रबी फसलों की खरीद भी की जा रही है। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि सरकार की नजर कोरोना के कारण उत्पन्न स्थिति पर है और वह उसके अनुरुप कदम उठाएगी।

अरुण, उप्रेती

वार्ता

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास