देवरिया में जिलाधिकारी ने कोविड रोकथाम और मरीजों की देखभाल के दिये निर्देश
देवरिया 12 अप्रैल(वार्ता) वैश्विक महामारी कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच उत्तर प्रदेश के देवरिया में जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने सोमवार को जिला चिकित्सालय में स्थापित कोविड-19 अस्पताल एमसीएच विंग का औचक निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को तत्कालिक रुप में सुनिश्चित कराये जाने का निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डा.आलोक पाण्डेय को दिया।
श्री निरंजन ने कहा कि कोविड रोकथाम एवं मरीजों के देखभाल के लिये हर आवश्यक प्रबंध भलिभांति सुनिश्चित होना चाहिये। इस दौरान उन्होंने इसमें भर्ती दो मरीजो से फोन से बात कर उनके स्वास्थ्य, खान-पान आदि की जानकारी ली। कोविड अस्पताल एमसीएच विंग में साफ-सफाई नियमित रुप से सुनिश्चित कराये जाने का निर्देश संबंधित कार्य एजेन्सी को दिया। उन्होंने आक्सीजन आपूर्ति सुचारु रखे जाने एवं कोविड-19 के मरीजों के इलाज के लिये चिकित्सको एवं पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी चक्रानुक्रम में लगाये जाने का निर्देश दिया।इस दौरान उन्होंने कोविड के भर्ती मरीजों के खान-पान सहित सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रुप से रखे जाने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीज से फोन पर स्वास्थ्य व खानपान के संबंध में बात की, तो मरीज के द्वारा बताया गया कि स्वास्थ सही है। वर्तमान में कोई विशेष तकलीफ नहीं है। खाना आदि भी मिलता है। उन्होंने मरीजों से कहा कि चिकित्सक आप का ध्यान रखेंगे।
जिलाधिकारी श्री निरंजन ने जिला महिला चिकित्सालय में वैक्सीनेशन कार्य का भी निरीक्षण किया। सीएमएस महिला डा अल्पना रानी गुप्ता से वैक्सीनेशन कार्य के संबंध में जानकारी किए तथा आवश्यक निर्देश दिए।
सं विनोद
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें