गोरखपुर मंडल में मनरेगा से जुड़े ग्राम सेवकों ने किया कार्य बहिष्कार
गोरखपुर 20 मई (वार्ता) पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मंडल तथा आसपास क्षेत्रों में मनरेगा के तहत कार्य करने वाले ग्राम रोजगार सेवक व अन्य कर्मचारियों ने सरकार पर उपेक्षापूर्ण नीति का आरोप लगाते हुये गुरूवार से सभी कार्यों का बहिष्कार शुरू कर दिया है।
मनरेगा संघ गोरखपुर के महामंत्री विजय कुमार गुरूवार को बताया कि कोविड-19 की विभीषिका में उनके कई साथी दिवंगत हो गये हैं और कई गंभीर रूप से बीमार है तथा आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं मगर सरकार पीड़ित कर्मचारियों का ध्यान नहीं दे रही है इसलिए कार्य बहिष्कार करना मजबूरी हो गयी है।श्री कुमार ने कहा कि मनरेगा कर्मचारी पिछले एक दशक से ग्रामीण क्षंत्रों में सरकारी कार्यों के क्रियान्यवन में लगे हुए हैं लेकिन उनके मानदेय तथा उनकी सुरक्षा की कोई गारन्टी सरकार नहीं दे रही है। उन्होने कहा कि न तो मनरेगा कर्मचारियों का स्वास्थ्य बीमा कराया गया है और न ही पिछले दो वर्षोंं से उन्हें कोई मानदेय दिया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग किया कि मनरेगा कर्मियों को कोरोना में फ्रंटलाइन वर्कर घोषित करके इनके मानदेय में परिवर्तन किया जाय और नगर निगम तथा नगर निकाय में समायोजित किया जाये। यदि सरकार ने शीघ्र उनके मांगों पर विचार नहीं किया तो पूरी तरह से मनरेगाकर्मी काम ठप्प कर देंगे।
उदय प्रदीप
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें