गंग नहर से युवक को बचाने वाला एसआई पुरस्कृत
लखनऊ 21 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के दादौं क्षेत्र में गंगा दशहरा के अवसर पर गंग नहर में गिरे युवक को डूबने से बचाने वाले साहसी पुलिस उपनिरीक्षक को सरकार ने 50 हजार रूपये के इनाम से नवाजा है जबकि पुलिस महानिदेशक ने उन्हे प्रशस्ति पत्र से नवाजा है।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने सोमवार को ट्वीट कर पुलिस अधिकारी के अदम्य साहस की सराहना की और उसे 50 हजार रूपये इनाम देने की घोषणा की वहीं पुलिस महानिदेशक एचसी अवस्थी ने उन्हे बहादुरी और कर्तव्यपरायणता के दुर्लभ कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र से नवाजा है।गौरतलब है कि गंगाघाट सांकरा में रविवार को गंगा दशहरा के मौके पर शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये उप निरीक्षक आशीष कुमार की ड्यूटी लगायी गयी थी। इस बीच हारूनपुर खुर्द निवासी पन्नालाल (35) तेज बहाव वाली गंग नहर में पैर फिसलने से गिर गया और डूबने लगा। आशीष की नजर डूबते व्यक्ति पर पड़ी और उन्होने बगैर देरी किये नहर में छलांग लगा दी।
नहर के तेज बहाव के बावजूद वह डूब रहे व्यक्ति को किनारे पर लाने में सफल रहे। पुलिस उप महानिरीक्षक दीपक कुमार ने साहसी पुलिस अधिकारी को प्रशंसा पत्र प्रेषित किया। गृह विभाग और पुलिस के आला अधिकारियों ने भी एसआई की जज्बे और साहस को सलाम किया।
प्रदीप
वार्ता
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें