काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर हादसे में दो मजदूरों की मृत्यु, चार घायल, मोदी ने दिया मदद का भरोसा

 वाराणसी, 01 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मंगलवार को निर्माणाधीन श्री काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर में कार्यरत मजदूरों की यहां के एक जर्जर मकान के अचानक गिरने से उसके मलबे में दबकर मृत्यु हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गये।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। वाराणसी के सांसद श्री मोदी ने यहां के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा से इस हादसे की विस्तृत जानकारी ली तथा घायलों का समुचित इलाज की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ ही उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कॉरिडोर क्षेत्र में एक पुराने भवन के आज तड़के अचानक ढहने से इसमें सो रहे कम से कम छह मजदूर मलबे में दबकर हादसे की चपेट में आ गये। घटना की सूचना मिलते ही वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने मजदूरों को मलबे से बाहर निकला। उन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया जबकि बाकी का इलाज चल रहा है।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अब्दुल मोमिन एवं अमीनुल मोमिन के रूप में हुई हैं, जबकि घायलों के नाम इमरान,आरिफ, शाहिद एवं शकील है। मृतक और घायल पश्चिम बंगाल के निवासी हैं ।
मंदिर प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
बीरेंद्र विनोद
वार्ता

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास