कोरोना के प्रति भ्रांतियों को दूर करेगी ई पुस्तक: योगी
लखनऊ 01 जून, (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की कोविड-19 पर केन्द्रित ई-पुस्तक का वर्चुअल माध्यम से विमोचन किया।
उन्होंने कहा कि कोविड से लड़ने में यह ई-पुस्तक लोगों के लिए अत्यन्त उपयोगी साबित होगी। इस ई-पुस्तक के माध्यम से एक बड़े तबके को जागरूक करने में मदद मिलेगी। उन्होने उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष तथा उच्च न्यायालय इलाहाबाद के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय यादव एवं प्राधिकरण के सदस्य सचिव अशोक कुमार का इस सदी की सबसे बड़ी महामारी के बारे में ई-पुस्तक के माध्यम से जागरूकता पैदा करने के लिए आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-पुस्तक तथ्यात्मक व वैज्ञानिक जानकारी पर आधारित होने के कारण कोरोना के प्रति भ्रान्तियों को दूर करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। यह ई-पुस्तक आज के समय के अनुरूप सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर तैयार की गयी है। इस ई-पुस्तक को पब्लिक पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाए, जिससे माध्यमिक, उच्च व प्राविधिक शिक्षण संस्थान आनलाइन क्लासेज के माध्यम से बच्चों को यह ई-पुस्तक पढ़ने के लिए जरूर कहें।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव न्याय प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव संसदीय कार्य जेपी सिंह-II, सूचना निदेशक शिशिर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
प्रदीप
वार्ता

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें