10 हजार रुपये घूस लेते दरोगा रंगेहाथ गिरफ्तार
संतकबीरनगर, 27 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाने पर तैनात दरोगा को एण्टी करप्शन की टीम ने आज एक व्यक्ति से 10 हजार रुपये की घूस लेते समय रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गोरखपुर की एण्टी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक रामधारी मिश्र ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धनघटा क्षेत्र के ग्राम करमा खान निवासी अब्दुल्ला खान ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन के गोरखपुर स्थित कार्यालय में घूस मांगने के सिलसिले में दोरागा की शिकायत दर्ज कराई थी । उन्होंने बताया कि घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ करने के मामले में चार्जशीट लगाने के लिए धनघटा थाने में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक राम मिलन यादव अब्दुलखान से लगातार घूस की मांग कर रहा हैं और मुकदमे में चार्जशीट नहीं लगा रहा हैं।उन्होंने बताया कि शिकायत की प्रारंभिक जांच की गई तो मामला सही पाया गया और एण्टी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक रामधारी मिश्र ने बताया कि योजना के तहत आज दोपहर शिकायतकर्ता अब्दुल्ला खान दो-दो हजार के पांच नोट जब आरोपी दरोगा को दे रहा था तभी एण्टी करप्शन टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। मांगी गई घूस की रकम देने के लिए उसके अपने आवास पर पीड़ित को बुलाया था। इसके पूर्व जिलाधिकारी से मिलकर दो स्वतंत्र गवाह देने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी और खाद्य सुरक्षा विभाग के एक कर्मचारी को स्वतंत्र गवाह के रूप दिया।
श्री मिश्र ने बताया कि गवाहों की उपस्थिति में दरोगा राम मिलन यादव को उसके आवास पर घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया , लेकिन आरोपी दरोगा उनकी गाड़ी में बैठने को तैयार नहीं था ,उसे बलपूर्वक गाड़ी में बैठाया । पूछने पर उन्होंने बताया कि दरोगा को खलीलाबाद थाने पर लाने से रोकने के लिए पुलिस कर्मियों ने मुखलिसपुर चौकी तथा नाथनगर में बैरियर लगाकर टीम को रोकने का प्रयास किया लेकिन एण्टी करप्शन टीम की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस वाले उन्हें रोकने में सफल नहीं हो सके।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें