20 जुलाई तक 32.64 करोड़ बने ‘बाहुबली’ : स्वास्थ्य मंत्रालय
नयी दिल्ली (वार्ता) सरकार ने लोकसभा में बताया कि 20 जुलाई 2021 तक 32.64 करोड़ लोगों को कोविड-19 का कम से कम एक टीका लग चुका है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया ने आज प्रश्नकाल में एक तारंकित प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया “20 जुलाई 2021 की स्थिति के अनुसार कुल 32.64 करोड़ व्यक्तियों को कोविड-19 टीके की कम से कम एक खुराक मिल गई है जिनमें 8.55 करोड़ व्यक्तियों ने दोनों खुराक ले ली है।”उन्होंने कहा कि वर्तमान में टीकाकरण अभियान के पूरा होने के लिए कोई समय-सीमा निर्दिष्ट नहीं की जा सकती, लेकिन उम्मीद है कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लाभार्थियों के टीकाकरण का काम दिसंबर 2021 तक पूरा कर लिया जायेगा।
श्री मंडाविया ने बताया कि 20 जुलाई 2021 तक केंद्र सरकार ने राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को कुल 34.83 करोड़ खुराकों की नि:शुल्क आपूर्ति की है। दो भारतीय टीकों, भारत बायोटेक की कोवैक्सीन और सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड को भारतीय औषध महानियंत्रक ने आपात स्थिति में सीमित प्रयोग के लिए मंजूरी प्रदान की है। इनके अलावा रूस की स्पुतनिक-5 का प्रयोग निजी अस्पतालों में कोविड-19 टीकाकरण के लिए किया जा रहा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें